जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने आज सीएम अशोक गहलोत पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि अशोक गहलोत की नेता सोनिया गांधी नहीं बल्कि वसुंधरा राजे हैं। उन्होंने कहा कि धौलपुर में गहलोत जी के भाषण को सुनने के बाद ऐसा लगता है कि उनकी नेता वसुंधरा राजे सिंधिया हैं।

बता दें कि इससे पहले अशोक गहलोत ने कहा था कि वसुंधरा राजे की वजह से साल 2020 में उनकी सरकार बच पाई थी।

CM अशोक गहलोत ने क्या कहा था?

इससे पहले रविवार को धौलपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और गजेंद्र सिंह शेखावत ने हमारी सरकार के खिलाफ षडयंत्र किया था। इन्होंने कांग्रेस विधायकों को पैसे बांट दिए थे, लेकिन वसुंधरा राजे सिंधिया ने सरकार गिराने वालों का साथ नहीं दिया, जिसकी वजह से हमारी सरकार बच पाई।

शाह बहुत खतरनाक खेल खेलते हैं

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मैंने कांग्रेस विधायकों से बोला कि आपने जो भी पैसा बीजेपी के लोगों से लिया है अगर उसमें कुछ खर्च भी हो गए हैं तो मुझे बताओं मैं उसे वापस करवाऊंगा। मैं इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष से बात करूंगा, लेकिन आप सब बीजेपी का पैसा मत रखो, वे बाद में डराएंगे-धमकाएंगे। अमित शाह बहुत खतरनाक खेल खेलते हैं, उनका पैसा वापस कर दो।

2020 में विधायकों ने की थी बगावत

बता दें कि, साल 2020 में सचिन पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ बगावत की थी। पायलट के साथ 18 कांग्रेस विधायक हरियाणा के मानेसर में करीब एक महीने तक डेरा डाले हुए थे। शुरूआत में ऐसा लगा था कि किसी भी वक्त अशोक गहलोत की सरकार गिर सकती है, लेकिन बागी विधायकों की संख्या ज्यादा नहीं होने से सरकार बच गई। बाद में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद राज्य में चल रहे सियासी गतिरोध को खत्म किया गया था।

राजस्थान: गहलोत के सरकार बचाने वाले दावे को वसुंधरा राजे ने बताया साजिश, कही ये बड़ी बात